आगरा। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्सप्रेसवे के नजदीक ग्रेटर आगरा का शिलान्यास और भूमि पूजन करेंगे। इसके बाद करोड़ों की अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके आने से पहले सोमवार शाम को मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने मंच व्यवस्था, हेलीपैड, पार्किंग, मीडिया दीर्घा और सुरक्षा मानकों संबंधी व्यवस्थाएं देखीं।
आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा ग्राम रायपुर और रहनकलां में शहरी विस्तारीकरण एवं नये शहर प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत लगभग 449.65 हेक्टेयर भूमि पर 10 आवासीय टाउनशिप विकसित की जा रही हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल संभावित लागत 5142 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह टाउनशिप विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर, चौड़ी सड़कों और अत्याधुनिक नागरिक सुविधाओं से लैस होगी। इस नई टाउनशिप के लिए प्लॉट की दरें तय कर दी गई हैं। इस टाउनशिप के विकसित होने से शहर के करीब 50 हजार लोगों को आधुनिक सुख-सुविधाओं से युक्त घर मिल सकेगा। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार योजना के तहत न्यूनतम 33 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर का रेट आवासीय योजना के लिए निर्धारित किया गया है। व्यावसायिक श्रेणी के लिए करीब 66 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर खर्च करने होंगे। वहीं, भूतल पर व्यावसायिक और ऊपर के तल पर आवासीय परिसर निर्माण करने के लिए मिश्रित उपयोग वाले प्लॉट भी उपलब्ध रहेंगे। इनके लिए करीब 50 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर देने होंगे। मुख्यमंत्री का रविवार तक सीधे आगरा आने का कार्यक्रम था लेकिन सोमवार को उनके कार्यक्रम में कुछ बदलाव हुआ है। मुख्यमंत्री दोपहर 13:25 बजे लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे से रवाना होकर 14:10 बजे यहां खेरिया सिविल एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। यहां से पहले हेलीकॉप्टर से मथुरा-वृन्दावन जाएंगे। वहां से वे 16:25 बजे आगरा के रायपुर रहनकला पर निर्मित हेलीपैड पर पहुंचेंगे और 16:30 बजे से 17:30 बजे तक आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही ग्रेटर आगरा योजना का भूमि पूजन एवं शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से खेरिया हवाई अड्डे पर आकर 17:50 बजे राजकीय विमान से लखनऊ लौट जाएंगे। मुख्यमंत्री के आने से पहले सोमवार शाम को मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने कार्यक्रम स्थल पर जाकर सारी व्यवस्थाओं को देखा। उनके निर्देश पर मौसम को देखते हुए वाटरप्रूफ हैंगर तैयार किया गया है। मंडलायुक्त के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगाली, आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली भी उपस्थित रहीं।










