आगरा। हरीपर्वत थाना पुलिस ने 45 किलो चांदी गायब करने वाले कोरियर कंपनी के कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। कर्मचारी के साथ चांदी गायब करने में उसका दोस्त भी शामिल रहा था।
नमक की मंडी से संचालित अलख आगडिया कोरियर कम्पनी द्वारा व्यापारियों के आभूषण को ले जाने और लाने का कार्य किया जाता है। 20 अगस्त को रात में कम्पनी के कर्मचारियों द्वारा व्यापारियों से लिए गए चांदी के आभूषणों के पार्सलों को किराये के गोदाम पर लाकर रख लिया गया था। सुबह कर्मचारी के द्वारा पूरा माल गायब कर दिया गया। मामले में तहरीर मिलने पर हरीपर्वत थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर आईएसबीटी के पास से कोरियर कंपनी के कर्मचारी और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। कब्जे से करीब 45 किलो चांदी की सिल्ली, पाजेव, कन्धोनी, खड़वा आदि बरामद किए गए हैं। साथ ही 2300 रुपए कैश भी बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपियों में शिवओम पुत्र सुरेश निवासी लालाराम का पुरा अखैरपुरा थाना दिमनी जिला मुरैना, मोहित उर्फ माही गुर्जर पुत्र रमेश कुमार निवासी कुन्जिया थाना झज्जर जिला झज्जर हरियाणा शामिल है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कंपनी में नौकर था। कोरियर कम्पनी का काफी माल किराये के मकान में रहता है, जिसकी वह देखरेख करता था। रुपयों की आवश्यकता पड़ी तो अपने साथियों से मिलकर चोरी की योजना बनाई।











