आगरा। केंद्रीय हिंदी संस्थान के प्रोफेसर उमापति पर फर्जी अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) प्रस्तुत करने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। मामले की आंतरिक जांच के बाद अब यह प्रकरण पुलिस जांच तक पहुंच गया है।
प्रोफेसर उमापति द्वारा प्रस्तुत की गई चार अगस्त 2022 की NOC को जांच समिति ने संदिग्ध करार दिया है। समिति की रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच के दौरान केवल पांच अगस्त 2022 की NOC ही वैध और सही पाई गई, जबकि चार अगस्त की NOC के प्रारूप, हस्ताक्षर और प्रक्रिया पर सवाल खड़े हुए हैं। जांच समिति की रिपोर्ट सामने आने के बाद संस्थान के कुलसचिव (अतिरिक्त प्रभार) ने पूरे मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस से संदिग्ध NOC की फॉरेंसिक जांच कराने की औपचारिक मांग की। कुलसचिव की ओर से दी गई लिखित शिकायत के आधार पर थाना न्यू आगरा में प्रोफेसर उमापति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब दस्तावेजों की गहन जांच के साथ यह भी पड़ताल कर रही है कि फर्जी NOC प्रस्तुत करने के पीछे किसी प्रकार का लाभ लेने या नियमों को दरकिनार करने की मंशा तो नहीं थी। वहीं, संस्थान स्तर पर भी इस मामले को लेकर हलचल तेज हो गई है और आगे की विभागीय कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।











