आगरा। फतेहाबाद में सर्राफ की दुकान में चोरी करने वाले चोर पकड़े गए हैं। पूछताछ में उन्होंने कई चोरियां कबूली हैं। पुलिस ने उनके पास से चोरी का माल भी बरामद किया है। चारों चोरों को जेल भेज दिया गया है।
एसपी पूर्वी सोमेंद्र मीणा ने बताया कि सर्राफ सत्यनारायन द्वारा थाना फतेहाबाद पर तहरीर दी गयी थी कि चोर दुकान की छत काटकर और अलमारी का दरवाजा तोड़कर सोने चांदी के आभूषण और नकदी निकाल कर ले गए हैं।
18 जून को फतेहाबाद रेलवे स्टेशन पर तैनात सीनियर सेक्शन इंजीनियर अनुज गुप्ता ने तहरीर दी अज्ञात चोरो द्वारा वादी के सरकारी आवास का ताला तोडकर कमरे में से लैपटाँप लेनोवो कम्पनी, सोने की अगूँठी पैसे चोरी कर लिए गए हैं।
27 जुलाई को महेन्द्र प्रताप उपाध्याय द्वारा थाना फतेहाबाद पर तहरीर दी गयी कि वादी अपने परिवार सहित कमरे में सो रहे थे, वादी ने अपने जानवरों को सानी-पानी के लिये सुबह उठकर देखा तो दूसरे कमरे की कुँडी खुली हुयी थी और अलमारी का सामान अस्त-व्यस्त पडा हुआ था। चोर आभूषण और नगदी चोरी करके ले गए थे। तीन चोरियां होने के बाद पुलिस चोरों को पकड़ने के लिए लगी हुई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चार चोरों को पकड़ लिया। इनके नाम मुकेश, बंटू, वीरेंद्र और विष्णु हैं। चोरों ने सभी चोरियां कबूल की।











