आगरा। प्रतापपुरा स्थित एचपी के पेट्रोल पंप पर मंगलवार को टैंकर के पास ही पंप के एक हिस्से में चिंगारी से आग लग गई। घनी आबादी के बीच बने पंप पर हड़कंप मच गया। यह देख वहां मौजूद कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए फायर एक्सटिंग्यूशर की मदद से आग पर समय रहते काबू कर लिया।
घटना मंगलवार दोपहर लगभग पौने चार बजे की है। प्रतापपुरा स्थित पेट्रोल पंप पर कई हजार लीटर पेट्रोल लेकर आया टैंकर खड़ा था। जिसे खाली करने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान पंप के एक हिस्से में बताया जाता है कि शार्ट सर्किट की चिंगारी से आग लग गई। लपटें निकलती देख वहां मौजूद ग्राहक और आसपास के दुकानदार दहशत में आ गए। मगर, पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए वहां लगे फायर एक्सटिंग्यूशर की मदद से आग को तत्काल काबू कर लिया। पंप पर लगी आग को बुझाते हुए कर्मचारियों का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहा है। क्षेत्रीय लोग कर्मचारियों की सूझबूझ की प्रशंसा कर रहे हैं।











