आगरा। नए पुलिस कमिश्नर जे रविन्द्र गौड़ ने गुरुवार शाम को चार्ज ग्रहण कर लिया है। आईजी के द्वारा उन्हें चार्ज ग्रहण कराया गया।
कमिश्नर जे रविन्द्र गौड़ 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह गोरखपुर में आईजी रेंज पद पर तैनात थे। मूल रूप से वह आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं। आगरा में करोड़ों रुपए की जमीन पर कब्जा होने के मामले में हटाये गए कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह की जगह उन्हें भेजा गया है। भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कराने में भी वह कोई संकोच नहीं करते। आगरा में बेहतर पुलिसिंग कायम करने और भ्रष्टाचार को रोकने के लिए उन्हें भेजा गया है। यह चर्चाएं आम हैं। कमिश्नरेट बनने के बाद आगरा में पुलिस के रिश्वत लिए जाने, जमीनों पर कब्जा कराए जाने के कई मामले सामने आए। लेकिन किसी भी मामले में सख्त कार्रवाई नहीं हुई। आईपीएस जे रविन्द्र गौड़ को आगरा में टास्क देकर भेजा गया है। जो अधिकारी उनके साथ में रहे हैं उन्होंने बताया कि वह भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करते हैं। इधर पुलिसकर्मी आपस में यह जानकारी भी कर रहे हैं कि जिस प्राइवेट व्यक्ति के घर पर चार्ज के लिए पूर्व में लाइन लगी रहती थी, क्या उनकी दाल गलेगी? इस दलाल ने चार्ज में ही बहुत मोटी कमाई की है। पुलिस विभाग में उसका यह जलवा रहा है कि किसी की सीडीआर और लोकेशन भी वह पांच मिनट में निकलवा लेता है।











