आगरा। अखिल भारत हिंदू महासभा ने बुधवार को वैलेंटाइन डे के विरोध में सुभाष पार्क पर गुलाब के फूलों को पैरों से कुचलकर और टेडीबीयर को जलाकर अपना रोष जताया। महासभा ने कश्मीर के पुलवामा में इसी दिन शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी और वेलेंटाइन डे पर रोक लगाने की मांग की।
महासभा के प्रवक्ता संजय जाट ने कहा कि वेलेंटाइन डे के नाम पर पश्चिमी सभ्यता को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस दिन को मनाने पर रोक लगनी चाहिए। पांच साल पहले पुलवामा में 14 फरवरी को हमले में कई जवान शहीद हो गए थे। इस दिन को शहादत दिवस के रूप में मनाना चाहिए। दूसरी ओर वेलेंटाइन डे पर ताजमहल पर पूरा दिन देशी-विदेशी पर्यटक और जोड़े पहुंचते रहे। ताजमहल के सामने फोटो खिंचवाई। भारी संख्या में यहां प्रेमी जोड़े पहुंचे। प्रेम का इजहार किया। कई शादी-शुदा जोड़े भी पहुंचे जिन्होंने ताजमहल पर अपने प्यार को ताजा किया।











