आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा प्रथम कॉरिडोर में आईएसबीटी तक मेट्रो सेवा विस्तार के लिए तेज गति के साथ काम किया जा रहा है। इसी क्रम में भूमिगत स्टेशनों में फिनिशिंग कार्य अंतिम चरण में है। इसके साथ ही आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन भी अब आकार लेने लगा है।
बता दें कि प्रथम कॉरिडोर के शेष एलिवेटेड भाग में स्टेशनों की डिजाइन आगरा मेट्रो के अन्य स्टेशनों से भिन्न है। इस भाग के तीनों स्टेशनों का निर्माण सिंगल पिलर तकनीक के जरिए किया जा रहा है। इसके साथ ही इस इस भाग में स्टेशन कॉन्कोर्स को पारंपरिक स्टेशन डिजाइन की तुलना में छोटा बनाया गया है। प्रथम कॉरिडोर के इस भाग में मेट्रो का अधिकतर भाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर है। इसको ध्यान में रखते हुए इस सेक्शन में मेट्रो स्टेशनों को इस तकनीक के जरिए बनाया जा रहा है।
सड़क के दोनों ओर से कर सकेंगे स्टेशन में प्रवेश
इस भाग में तीनों मेट्रो स्टेशन (आईएसबीटी, गुरु का ताल एवं सिकंदरा) के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर से मेट्रो यात्रियों के आने जाने की सुविधा होगी। इसके साथ ही राहगीर इन फुट ओवर ब्रिज का प्रयोग सड़क पार करने के लिए भी कर पाएंगे।











