आगरा। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए सख्त भाजपा सरकार में भी डॉ. भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में नकल के लिए छात्रों से पैसे मांगे जा रहे हैं। यह स्थिति तब है जब उच्च शिक्षा मंत्री आगरा से ही हैं। पैसे नहीं देने पर छात्रों के साथ में मारपीट की जा रही है। बुधवार को एक कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्रों के साथ में मारपीट कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को किसी तरीके से परीक्षा में बैठाया।
विश्व विद्यालय की सेमेस्टर कोर्स की परीक्षाएं चल रही हैं। बुधवार को बुधवार को 11:00 से 2:00 बजे की पाली में बीएससी थर्ड सेमेस्टर की भौतिक विज्ञान विषय की परीक्षा थी। प्रताप सिंह कॉलेज का सेंटर लाल सिंह महाविद्यालय में गया है। प्रताप सिंह कॉलेज के छात्र जब परीक्षा देने के लिए पहुंचे तो उनका कहना है कि कॉलेज प्रशासन ने उन्हें प्रवेश देने से मना कर दिया। छात्रों का आरोप था कि नकल के लिए कॉलेज प्रशासन के द्वारा दस हजार रूपये मांगे गए। पैसे नहीं देने पर उनसे परीक्षा में प्रवेश देने से मना कर दिया गया। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया है कि कॉलेज प्रशासन ने उनके साथ मारपीट की। कुछ छात्रों को चोटें भी आई हैं। छात्रों को परीक्षा में प्रवेश नहीं मिलता देख उन्होंने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरीके से छात्रों को परीक्षा में बैठाया। छात्रों ने पुलिस को तहरीर भी दी है। तहरीर में कहा गया है कि नकल कराने के लिए उनसे पैसे मांगे गए। नहीं देने पर उनके साथ में मारपीट की गई। इधर मामले में परीक्षा नियंत्रक से बात करने के लिए कोशिश की गई लेकिन उनका फोन नहीं उठा।













