आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र में महिला से चेन स्नेचिंग करने वालों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। एक लुटेरे के पैर में गोली लगी है। उसका दूसरा साथी भी गिरफ्तार हुआ है।
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि घटना में शामिल आरोपी मथुरा–मांगरोल रोड की ओर भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। जब पुलिस टीम ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी उपदेश उर्फ रॉकी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल तथा छीनी गई चैन को बेचकर प्राप्त 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।











