आगरा। शमसाबाद क्षेत्र में जमीन बंटवारे को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक व्यक्ति को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ऊंचा गांव के मुकेश और दूसरे पक्ष के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। कई बार पंचायत और समझौते की कोशिशें हुईं, लेकिन मामला सुलझ नहीं सका। आज अचानक दोनों पक्षों में फिर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गई। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल के संचालक के भाई ने विवाद के दौरान हथियार निकाल कर मुकेश को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। मुकेश को गंभीर हालत में स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही थाना शमसाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल की जांच की। फायरिंग में प्रयुक्त कारतूस और अन्य सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश भी शुरू कर दी है।











