आगरा। बुधवार को पिनाहट ब्लॉक की ग्राम पंचायत सेरव और अरनोटा में ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के उपचुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। वोटर सुबह से ही अपने मत का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी लाइन लगाकर वोट डालते नजर आए। पिनाहट ब्लॉक की ग्राम पंचायत सेरव में प्रधान पद के लिए 77 प्रतिशत मतदान और अरनोटा में क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 57 प्रतिशत मतदान हुआ।
बुधवार सुबह करीब सात बजे पिनाहट ब्लॉक की ग्राम पंचायत सेरव के प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 11, 12 व 13 पर प्रधान पद के लिए वोट डाले गए। सेरव ग्राम पंचायत में कुल 1741 मतदाता है और 1339 मतदाताओं ने मतदान किया है। इसी तरह पिनाहट ब्लॉक की ग्राम पंचायत अरनोटा में क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए प्राथमिक विद्यालय अरनोटा में चार-पांच और छः बूथ बनाये गये है। अर्नो में क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए कल 1437 मतदाता है जिसमें से 824 मतदाताओं ने मतदान किया है।
मतदान के दौरान पीठासीन अधिकारी की बिगड़ी तबीयत अस्पताल में कराया भर्ती,आगरा रेफर
सेरव में प्रधान पद के लिए चल रहे उपचुनाव में प्राथमिक विद्यालय मनसुखपुरा में तैनात राजाखेड़ा निवासी शिक्षक विनीत कुमार की पिनाहट ब्लॉक की ग्राम पंचायत सेरव में प्रधान पद के उपचुनाव में पीठासीन अधिकारी के रूप में ड्यूटी लगी थी। बुधवार सुबह करीब आठ बजे पीठासीन अधिकारी विनीत कुमार को परिजनों द्वारा फोन पर घर में चोरी होने की सूचना दी गई। घर पर चोरी की वारदात की खबर सुन पीठासीन अधिकारी विनीत कुमार अचानक ज़मीन पर गिर गये और उनकी तबीयत बिगड़ गई। अचानक तबियत बिगड़ती देख अन्य कर्मियों ने आनन फानन में पीठासीन अधिकारी विनीत कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिनाहट में भर्ती कराया गया।











