आगरा। ताजनगरी में अवैध पटाखा गोदामों पर लगातार कार्रवाई जारी है। रविवार को न्यू आगरा थाना पुलिस ने एक हार्डवेयर की दुकान और मकान में पटाखों का अवैध भंडारण पकड़ा। पुलिस ने माल जब्त कर लिया है। सभी थाना क्षेत्र में पुलिस पटाखे की चेकिंग के लिए अभियान चला रही है।
अयोध्या में विस्फोटक कांड के बाद पूरे प्रदेश में पटाखों के अवैध भंडारण पर कार्रवाई की जा रही है। आगरा की बात करें तो शुक्रवार को सिकंदरा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर में लाइसेंस होने के बाद भी क्षमता से अधिक पटाखों का भंडारण मिलने पर पुलिस की ओर से कारवाई की गई थी। शनिवार को अमर विहार चौकी के पास आकाश और अंकुर घर के मकान से 1200 किलो पटाखे बरामद किए थे। दोनों भाई लाइसेंस भी नहीं दिखा सके। पुलिस ने उनके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम का केस दर्ज किया है। रविवार को नगला पदी में सिसोदिया हार्डवेयर की दुकान और मकान से भी 1200 किलो पटाखों का भंडारण पकड़ा है। तुरंत बाद ही नगला पदी विद्यानगर में हरेंद्र पाल के मकान से भी करीब 100 किलो पटाखे बरामद किए गए।











