आगरा। सदर थाना क्षेत्र से एक 11वीं की छात्रा का अपहरण हो गया है। परिजनों का आरोप है कि दो युवक उसका अपहरण करके ले गए हैं। छात्रा के ताऊ ने छात्रा को ले जाते हुए दो युवकों को देखा। दोनों का उन्होंने मोटरसाइकिल से पीछा भी किया, लेकिन वह गिर पड़े। इस दौरान दोनों युवक छात्रा को लेकर भाग निकले।
राजपुर चुंगी स्थित एक स्कूल में एक छात्रा 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही है। आज सुबह उसके ताऊ उसे स्कूल छोड़ने के लिए गए थे। स्कूल से लौटकर अपनी दुकान खोलने पहुंच गए। कुछ देर बाद उन्हें कोई काम याद आया, जिस वजह से वह उस काम को करने के लिए चल दिए। रास्ते में उन्होंने देखा कि उनकी भतीजी को दो युवक अगवा करके ले जा रहे थे। इस पर उन्होंने उनका बाइक से पीछा किया। पीछा करते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई जिससे वह जमीन पर गिर पड़े और घायल हो गए। छात्रा के अगवा होने की जानकारी पर एडीजी राजीव कृष्ण और एसएसपी सुधीर कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए एडीजी राजीव कृष्ण का कहना है कि छात्रा के अगवा होने का मामला सामने आया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।











