आगरा। मंगलवार को उस समय दीवानी में खलबली मच गई जब उसे बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल न्यायिक अधिकारी के पास आया। इस धमकी भरे ईमेल से पूरे परिसर में सनसनी फैल गई। तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस, डॉग स्क्वाड और बीडीएस मौके पर पहुंच गई। अपर जिला जज प्रथम और दीवानी सुरक्षा प्रभारी पुष्कर उपध्याय के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने दीवानी का चप्पा चप्पा छाना।
जो मेल आया था उसमें लिखा था कि तमिलनाडु के स्कूलों के पाठ्यक्रम में पैगम्बर मोहम्मद के पाठों में डीएमके पार्टी का दोहरा रवैया बहुत बुरा है। हम सिर्फ वोट बैंक नहीं हैं, कौम की ताकत हैं जो उदयनिधि के करियर और सिर को बना या बिगाड़ सकते है। तमिलनाडु में मुसलमानों के पॉलिटिकल मसलों को सुलझाने के लिए आपकी कोर्ट और जज का कमरा आसान टार्गेट है। ईमेल किसी आकाश क्षत्रिय के नाम से भेजा गया है। सूचना पर डीसीपी बम निरोधक दस्ते को लेकर दीवानी परिसर में पहुंच गए। पूरी दीवानी को खाली कर दिया गया। इसके साथ ही कोर्ट भी खाली करा दिए गए। अपर जिला जज प्रथम पुष्कर उपाध्याय ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर दीवानी की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। सर्विलांस के द्वारा यह जानकारी की जा रही है कि मेल कहां से आया था।











