आगरा। ताजमहल में मंगलवार शाम को सूरत के दो पर्यटकों ने नमाज पढ़ने का प्रयास किया। उन्हें सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ लिया। मामले में थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज कराया गया है। एक पर्यटक नाबालिग है। उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया।
मंगलवार को सूरत, गुजरात से पर्यटकों का दल ताजमहल देखने आया था। मोहम्मद फैयाज और उनका 17 वर्षीय साथी ताज पूर्वी गेट की गैलरी में बैठकर नमाज अदा करने लगे। यह देखकर केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान पहुंच गए। उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। सीआरपीएफ अधिकारी की तहरीर पर संरक्षित और धार्मिक स्थल में अवांछित गतिविधि और लोकसेवक के आदेश की अवहेलना की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमे में लगी धारा में सात साल से कम की सजा का प्रावधान है। इस पर दोनों आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया।











