आगरा। बीती रात ताजगंज थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी लूटी गई। दोनों वारदात एक ही गैंग के द्वारा की गई हैं, ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं। थाना पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने में जुटी हुई है।
शमशाबाद निवासी मनोज राठौर की कस्बे में ही किराने की दुकान है। मनोज रात में 1:00 बजे अपनी पत्नी चंद्रप्रभा के साथ मोटरसाइकिल से कैंट रेलवे स्टेशन के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह एकता पुलिस चौकी के पास में पहुंचे, एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। कनपटी पर तमंचा तान कर उनसे रुपए मांगने लगे। इसी बीच में कुछ राहगीर आते हुए बदमाशों को दिखाई दिए लेकिन बदमाश तमंचे के बल पर मनोज की मोटरसाइकिल लूट कर बड़े आसानी से फरार हो गए। मनोज और उनकी पत्नी चौकी पर जानकारी देने गए तो वहां पुलिसकर्मी चैन की नींद सो रहे थे। पुलिस कर्मियों के उठने तक बदमाश काफी दूर तक भागकर चले गए और फरार हो गए।
दूसरी घटना बसई चौकी क्षेत्र में हुई। अमन रात में अपनी स्कूटी से जा रहे थे। एक मोटरसाइकिल पर तीन बदमाश आए। बदमाशों ने अमन पर तमंचा तान दिया और उनकी स्कूटी लूट कर ले गए। सीओ सदर अर्चना सिंह ने बताया कि दोनों घटनाएं एक ही गिरोह के द्वारा की गई हैं, ऐसा अंदेशा है। बदमाशों का सुराग लगाने के लिए टीम गठित कर दी गई है।











