आगरा। यूटा आगरा की जिला एवं ब्लॉक इकाइयों का विस्तार एवं पुनर्गठन हुआ। राजकुमार सोलंकी जिलाध्यक्ष, देवेन्द्र कुमार कुशवाह जिला महामंत्री, अजीत सिंह जिला कोषाध्यक्ष बनाये गए।
यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) आगरा की वार्षिक बैठक यूथ हॉस्टल, संजय पैलेस में आयोजित की गई। बैठक के मुख्य उद्देश्य जिला कार्यकारिणी का विस्तार एवं जनपद की समस्त ब्लॉक कार्यकारिणियों का पुनर्गठन, जनपद आगरा के शिक्षा विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार, भ्रष्ट बाबुओं एवं अधिकारियों का चिन्हीकरण, शिक्षकों की समस्याएं, ब्लॉक एवं जिला स्तर के कार्यालयों पर लंबित प्रकरण आदि रहे।
यूटा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवराज सिंह सिकरवार ने बताया कि संगठन राष्ट्र के आठ प्रदेशों में शिक्षक हित में कार्य कर रहा है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध जन जागरण अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि देश 1947 में आज़ाद हो गया था, किंतु अभी भी भ्रष्ट अधिकारी एवं बाबू काले अंग्रेजों के रूप में शिक्षकों एवं समाज को परेशान कर रहे हैं, जिनके खिलाफ यूटा का जनजागरण अभियान निरन्तर जारी है। जिला महामंत्री देवेन्द्र कुमार कुशवाह ने बताया कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर शिक्षक, कर्मचारी की समस्याओं का समाधान कराने के लिए यूटा प्रतिबद्ध है। जिला अध्यक्ष राजकुमार सोलंकी ने बताया कि वर्तमान में शिक्षकों की अनेक समस्याएं, छुट्टियों के आवेदन, चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान संबंधी पत्रावलियां कार्यालयों में लंबित हैं, जिस पर कार्यालय के बाबू व अधिकारी से मिलकर नियमानुसार कार्यवाही करवाई जाएगी।











