आगरा। एकता थाना क्षेत्र में वैलेंटाइन वीक में पत्नी ने देवर के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। सभी को गुमराह करने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया और अगले दिन अंतिम संस्कार भी कर दिया। शक होने पर पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी और प्रेमी को हिरासत में ले लिया है।
गांव लोधई निवासी लवकेश बिजली मिस्त्री थे। पिता सुरेश चंद तोमर बेलनगंज में नौकरी करते हैं। लवकेश पांच बहनों में इकलौता भाई था। उसकी शादी चार साल पहले सहपऊ, धौलपुर, राजस्थान की गौरी के साथ हुई थी। पिता ने बताया कि 10 फरवरी तड़के 4 बजे घर से फोन आया कि लवकेश ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। परिवार में कोहराम मच गया। वह घर पहुंचे। गौरी ने बताया कि वह दूसरे कमरे में सो रही थी। सुबह जब पति के कमरे में गई तो वो फंदे से लटके थे। किसी तरह का विवाद न होने से परिजन ने पुलिस को सूचना नहीं दी। अंतिम संस्कार कर दिया। अगले दिन घर में हवन-पूजन था। गौरी की गतिविधियां देखकर परिजन को शक हुआ। परिवार की महिलाओं ने उससे पूछताछ की। पुलिस बुलाने की कहने लगे। इस पर वो घबरा गई। उसने हत्याकांड के बारे में बता दिया। बहू ने बताया कि 9 फरवरी की रात जब लवकेश सो रहे थे तब मैंने फोन करके सुंदर को बुलाया। इसके बाद हम दोनों ने मिलकर तकिए से मुंह दबाकर लवकेश की हत्या कर दी। फिर हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए गले में साड़ी का फंदा लगाकर शव को पंखे से लटका दिया। इसके बाद सुंदर अपने घर चला गया। सुबह 4:00 बजे मैंने पति के सुसाइड का शोर मचाया और रोने का नाटक करती रही।











