आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह महाकुंभ से श्रद्धालुओं को जयपुर लेकर जा रही तेज रफ्तार स्लीपर कोच आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। चार लोगों की मौके पर मौत हो गई। कई लोग घायल हुए हैं।
घटना शनिवार सुबह 5:30 बजे फतेहाबाद क्षेत्र में 27 किलोमीटर पर हुई। आगरा, मथुरा, राजस्थान, मुंबई, गुजरात और गुरुग्राम, भदोही के 60 से अधिक श्रद्धालु महाकुंभ और वाराणसी गए थे। स्लीपर कोच श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही थी। उसे आगरा होते हुए जयपुर जाना था। चालक को झपकी आने से स्लीपर कोच आगे जा रहे ट्रक में घुस गई। अधिकांश श्रद्धालु नींद में थे। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। बस में फंसे श्रद्धालुओ को बाहर निकाला। चार श्रद्धालुओं की मौके पर मृत्यु हो गई। पुलिस ने स्लीपर कोच में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों में दीपक वर्मा पुत्र निवासी किशोरपुरा की पुलिया लोहामंडी, गोविंद लाल निवासी महावीर नगर जोधपुर, रमेश सिंह निवासी गजानंद कालोनी जोधपुर, बबलू निवासी चुनार मिर्जापुर हैं।











