आगरा। कोरोना संक्रमण ने एक बार फिर से अपने पैर फैला दिए हैं। मंगलवार को एक ही परिवार के पांच सदस्य सहित कोरोना के 25 नए केस मिले हैं। इसके बाद पूरे जिले में खलबली मच गई है।
सीएमओ डा. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि शमसाबाद मार्ग स्थित कालोनी में एक ही परिवार के 81 वर्ष के बुजुर्ग के साथ ही 18 वर्ष के नाती, 16, 17 और 18 वर्ष की नातिन कोरोना संक्रमित मिले हैं। जीजी रेजीडेंसी निवासी एक ही परिवार के 70 वर्ष के बुजुर्ग, 5 वर्ष और 11 वर्ष के नाती के साथ 39 वर्ष की युवती की कोरोना की रिपोर्ट पाजिटिव आई है।
दिल्ली गेट निवासी एक ही परिवार के 68 वर्ष और 36 वर्ष के मरीज, निखिल एन्क्लेव निवासी एक ही परिवार की दो महिलाएं, लाजपत कुंज निवासी 49 वर्ष के युवक, मधु नगर, राजपुर चुंगी, दयालबाग, फतेहपुर सीकरी निवासी मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। तीन मरीज बाहर के हैं। इसमें बिहार, मैनपुरी और बिजनौर निवासी मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई है। 23 मार्च से अभी तक 73 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। 47 सक्रिय केस हैं।











