आगरा। सदर थाना क्षेत्र में एक महिला के तीन बेटियां होने पर पति ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपी पति की भी गिरफ्तारी कर ली है।
अलीगढ़ के रहने वाली अमलेश की शादी वर्ष 2015 में सदर के रहने वाले भवानी सिंह से हुई थी। भवानी सिंह चाय की दुकान चलाते हैं। भवानी सिंह को अमलेश से तीन बेटियां हैं। तीसरी बेटी की मृत्यु हो चुकी है। अमलेश के भाई हरेंद्र ने बताया कि तीन बेटियां होने पर भवानी सिंह उनकी बहन अमलेश का उत्पीड़न कर रहा था। वह बोलता था कि तुम्हें बेटा क्यों नहीं होता है। पति से परेशान होकर अमलेश मायके में आकर रहने लगी थी। दो महीने पहले ही वह पति के पास आई थी। इधर सोमवार रात को परिजनों को सूचना मिली कि अमलेश की मृत्यु हो गई है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो बस्ती वालों ने उन्हें बताया कि उसके पति ने उसकी हत्या की है। पुलिस को गले पर गला दबाने के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।











