आगरा। बीती रात पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह के द्वारा शमसाबाद थाने में तीन युवकों को छुड़ाने के लिए साढ़े आठ घंटे तक धरना दिया था। तीनों युवकों को आज एसीपी के समक्ष कोर्ट में पेश किया गया। जहां से शांति भंग में उन्हें जेल भेज दिया गया। उनके जेल भेजे जाने के बाद राजनीति गर्मा गई। इसके बाद पुलिस अधिकारी बैक फुट पर आ गए हैं। तीनों युवकों की जमानत मंजूर करते हुए रिहाई कराई जा रही है। इधर पुलिस की कार्यशैली को लेकर 12 अगस्त को हिंदू संगठनों के द्वारा थाने का घेराव करने की बात कही गई है। इसे लेकर पोस्टर भी जारी कर दिया गया है।
आगरा रोड पर डीपी होटल में बुधवार को एक युवक सलमान को एक महिला के साथ होटल के कमरे में हिंदूवादी संगठनों के कुछ कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया था। सलमान को साथी महिला के साथ होटल में देखकर हिंदू संगठन के लोग आग बबूला हो गए और कमरे से निकलते ही सलमान के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस होटल पहुंची और युवक को थाने ले आई। होटल संचालक की तहरीर पर पुलिस ने 20 से 25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया था। शनिवार देर शाम पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को हिरासत में ले लिया था। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही शनिवार शाम 6:00 बजे पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह सैकड़ों समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और नारेबाजी करते हुए पुलिस से युवकों की रिहाई की मांग करने लगे। सूचना पर एसीपी गिरीश कुमार सिंह, एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह मौके पर पहुंच गए। पूर्व विधायक इस बात पर अड़े रहे कि वह अपने साथ तीनों युवकों को लेकर जाएंगे। इसी बात को लेकर पुलिस से उनकी देर रात तक बहस होती रही। रात 2:30 बजे तक वह थाने में धरने पर बैठे रहे। पुलिस ने आश्वासन दिया कि युवकों का सिर्फ 151 में चालान किया है, उन्हें एसीपी कोर्ट से छोड़ दिया जाएगा। तीनों युवक एसीपी शेषमणि उपाध्याय की कोर्ट में पेश हुए। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। तीनों युवकों के जेल भेजे जाने के बाद अधिकारियों के फोन घनघनाने लगे। इसके बाद अधिकारी बैकफुट पर आ गए। तीनों युवकों को छोड़ने के लिए परवाना जेल में भेज दिया गया है। चर्चाएं हैं थोड़ी देर में उनकी रिहाई हो जाएगी। इधर तीनों युवकों के जेल जाने की खबर से लोगों में भारी आक्रोश है। हिंदू संगठनों के द्वारा 12 अगस्त को थाने का घेराव करने को लेकर पोस्टर जारी कर दिया गया है।











