आगरा। जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे ने अपनी मां के सिर में डंडा मार दिया। घायल होने के बाद मां की मृत्यु हो गई। हत्या करने के बाद बेटा फरार हो गया है। पुलिस के द्वारा मृतका के पति की तहरीर पर बेटे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
नगला गूलर में रहने वाले मुन्नालाल अपनी पत्नी जयदेवी और बेटे पंकज के साथ रहते हैं। जय देवी घर में ही छोटी सी दुकान चलाती हैं। बेटा पंकज शराबी किस्म का है। पैसे के लिए वह आए दिन माता पिता के साथ झगड़ा करता है। मंगलवार रात पंकज ने अपनी मां से शराब के लिए पैसे मांगे। मां ने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद पंकज ने अपनी मां को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। सिर में से खून निकलने के बाद जय देवी घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। मृत्यु होते ही पंकज मौके से भाग गया। सूचना पर इंस्पेक्टर देवेंद्र शंकर पांडे मौके पर पहुंच गए। पति मुन्नालाल के द्वारा हत्यारोपी बेटे पंकज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। इंस्पेक्टर देवेंद्र शंकर पांडे ने बताया कि वे हत्यारे बेटे के नजदीक हैं। जल्दी ही उसकी गिरफ्तारी कर लेंगे।











