आगरा। बुधवार देर रात सिकंदरा क्षेत्र में कीठम के जंगल में झाड़ियों में अचानक से आग लग गई। तेज हवा की वजह से आग काफी दूर तक फैल गई।
सुर सरोवर पक्षी विहार के निकट स्थित उद्यान विभाग के जंगल में बुधवार की रात में भीषण आग लग गई। आग से जंगल के पेड़ पौधे आग में जलने लगे। बताया जा रहा है कि वहीं के किसी व्यक्ति ने सूखी घास में आग लगाई थी। सूखी घास में लगी आग जंगल में फैल गई और उससे पेड़ों में भी आग लगने लगी।
दमकल की गाड़ियां जंगल के अंदर न पहुंच सकीं
जंगल की आग जब विकराल रूप धारण करने लगी तो वन विभाग के कर्मचारियों ने घटना की जानकारी अधिकारियों को दी। जिसके बाद अधिकारियों ने दमकल विभाग को इस मामले की जानकारी दी। रास्ता पर्याप्त न होने के चलते दमकल की गाड़ियां जंगल के अंदर नहीं पहुंच सकीं। वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा धीरे-धीरे आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन इसी दौरान जंगल में रहने वाले अनेक जीव जलकर खाक हो गए।











