आगरा। घायल की जगह आरोपियों की मदद करने के मामले में पुलिस कमिश्नर ने सख्त कदम उठाते हुए इंस्पेक्टर ट्रांस यमुना और बीट प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बता दें कि एक दुकानदार को दौड़ा-दौड़ा कर लात घूसों से पीटा गया। इसमें उनकी तीन पसली टूट गई। आरोपियों ने दुकान पर भी कब्जा कर लिया। पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई करने की जगह घायल के खिलाफ ही जानलेवा हमला और एसिड अटैक की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया। घायल और उसके परिजनों के द्वारा पुलिस पर कब्जा कराने और उसके साथ अन्याय करने के आरोप लगाए जा रहे थे। मामला सुर्खियों में आने के बाद पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने एसीपी छत्ता राकेश कुमार सिंह से मामले की जांच कराई। जांच में इंस्पेक्टर आनंद प्रकाश और बीट प्रभारी एसआई सुरजीत आरोपियों की मदद करने के मामले में संलिप्त पाए गए। इसके बाद पुलिस कमिश्नर के द्वारा दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया हे। अछनेरा थानाध्यक्ष सुमनेश कुमार को थानाध्यक्ष ट्रांस यमुना बनाया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने घायल को दुकान पर कब्जा भी दिला दिया है। इधर पुलिस कमिश्नर ने बाह थाने में तैनात एसआई रोहित कुमार को थानाध्यक्ष अछनेरा, ट्रांस यमुना थाने में तैनात निरीक्षक छत्रपाल सिंह को प्रभारी मीडिया सेल, निरीक्षक अपराध थाना ट्रांस यमुना बृजेश कुमार गौतम को प्रभारी लोक शिकायत प्रकोष्ठ बनाया है।











