-गौरव प्रताप सिंह-
आगरा। डॉ. भीमराव आम्बेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य कोर्स की परीक्षाएं 12 जुलाई से शुरू हो रही हैं। हैरानी की बात यह है कि कई छात्रों के अभी तक फॉर्म नहीं भरवाए गए हैं। इसके अलावा केंद्रों पर कॉपियां नहीं पहुंची हैं। वही प्रवेश पत्र का अता पता नहीं है। ऐसे में परीक्षाएं कैसे होगी? दूसरी ओर अलीगढ़ विश्वविद्यालय द्वारा बनाए गए केंद्रों पर परीक्षा कराने की बात कही गई थी लेकिन आरोप है कि कई केंद्र बढ़ा दिए गए हैं।
बता दें कि विश्वविद्यालय मुख्य कोर्स की परीक्षाएं ही नहीं करा पा रहा था। लंबे इंतजार के बाद कुछ दिनों पहले ही विश्वविद्यालय ने स्कीम जारी की है। स्कीम तो जारी कर दी गई लेकिन तैयारी के नाम पर विश्वविद्यालय के हाथ खाली हैं। कॉलेज संचालकों का कहना है कि विश्वविद्यालय अभी तक एक्स स्टूडेंट्स के फॉर्म नहीं भरवा पाया है। इसके साथ ही तृतीय वर्ष के छात्रों के लिए फॉर्म नहीं भरे गए हैं, जिन छात्रों ने सेकंड ईयर में री दिया था उनका थर्ड ईयर का फॉर्म नहीं खुल रहा है। ऐसे में वह परीक्षाओं में कैसे शामिल होंगे? यह पूछने के लिए वह विश्वविद्यालय में भी गए लेकिन वहां जवाब देने वाला कोई नहीं था। प्रवेश पत्र भी विश्वविद्यालय तैयार नहीं कर सका है। इसके साथ ही कॉपियां भी नोडल सेंटर पर नहीं पहुंची हैं।
इधर इस बार भी केंद्र बनाने में बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई है। सूत्रों का कहना है कि कई कॉलेजों को मनमाने तरीके से केंद्र बना दिया गया है। अलीगढ़ विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों की विश्वविद्यालय आखरी बार परीक्षाएं करा रहा है। इसलिए इस बार वहां खासी मनमानी की गई है, जबकि कहा यह गया था कि अलीगढ़ विश्वविद्यालय ने प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए जो केंद्र बनाए थे उन्हीं पर परीक्षाएं होंगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। कमेटी और विश्वविद्यालय के अधिकारी सवालों के घेरे में हैं। इस मामले में परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश से बात करने के लिए प्रयास किया गया लेकिन उनका फोन नहीं उठा।











