आगरा। फाउंड्री नगर चौकी के अंदर चौकी प्रभारी की कुर्सी के ऊपर बैठकर रील बनाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया है कि दरोगा को निलंबित करने के लिए उसने रील बनाई थी। पुलिस ने जैसे ही उसे पकड़ा उसकी हेकड़ी निकल गई है।
चौकी प्रभारी फाउंड्री नगर निशांत राघव ने एत्माद्दौला थाने में मुकदमा दर्ज कराया था कि 6 अगस्त को उनकी चौकी पर नितिन उपाध्याय निवासी खंदौली आया था। नितिन का चाल चलन सही नहीं लगा। वह दलाल किस्म का व्यक्ति लगा। जब उसे हिदायत दी कि वह दोबारा कभी चौकी पर नहीं आए तो एकदम आवेश में आकर धमकी देते हुए बोला कि तुम्हें निलंबित करा दूंगा। इसके बाद भी पुलिस की गैरमौजूदगी में चौकी पर आया नितिन उपाध्याय ने ‘दो सांसों की डोर बंधी तो बंधन यह ना टूटे’ गाने पर रील बनाई थी। वह कुर्सी पर रील बनाते समय बड़ी स्टाइल में गोल-गोल घूमा है। आरोपी के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कर लिया था और गिरफ्तारी के लिए जुटी हुई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि चौकी प्रभारी ने उसे चौकी से भगा दिया था। इस बात को लेकर वह उससे खुन्नस खाए हुआ था। चौकी प्रभारी को निलंबित करने के लिए उसने रील बनाई थी। पुलिस सूत्रों की माने तो उसने दो पुलिस अधिकारियों को भैया और भाभी बताया है। दोनों से पारिवारिक संबंध बताए हैं। मोबाइल में डीपी भी उसने लगा रखा है।










