आगरा। ताजगंज के एक होटल में युवक की मौत हो गई। वह पत्नी से यह बोलकर गया था की बालकनी में सिगरेट पीने जा रहा हूं। सुबह खून से लथपथ डेड बॉडी स्विमिंग पूल के पास मिली। होटल स्टाफ ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
होटल हावर्ड में एक फार्मेसी कंपनी की मीटिंग थी। कंपनी ने होटल में 20 कमरे बुक कराए थे। यहां पर बाराबंकी गणेश नगर के रहने वाले राजकुमार यादव अपनी पत्नी के साथ आए थे। वो थर्ड फ्लोर पर 305 नंबर के कमरे में रुके थे।रात को कंपनी की मीटिंग के बाद पार्टी चली। पार्टी में राजकुमार भी शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि राजकुमार अपने रूम में पहुंच गए। यहां उन्होंने अपनी पत्नी से कहा कि अभी सिगरेट पीकर आता हूं। काफी देर तक वह वापस नहीं आए तो पत्नी को लगा कि वह दोबारा पार्टी करने चले गए हैं। सुबह स्विमिंग पूल के पास शव मिलने की उन्हें सूचना मिली। पुलिस के द्वारा छानबीन की जा रही है कि उनकी मौत कैसे हुई।











