आगरा। बरहन में घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में दारोगा संदीप कुमार के खिलाफ विवेचक ने शुक्रवार को आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया। आरोप पत्र में विवेचक ने पीड़िता समेत 11 लोगों को गवाह बनाया है। इससे दारोगा संदीप कुमार पर बुरी तरह शिकंजा कस गया है, उसकी नौकरी जा सकती है, उस पर जल्दी ही बर्खास्तगी की कार्रवाई भी हो सकती है।
बरहन थाने में तैनात दारोगा संदीप कुमार 17 सितंबर की रात एक गांव में गया था। वहां घर में जबरन घुसकर युवती को धमकी देकर दुष्कर्म किया था। ग्रामीणों ने दारोगा को रंगे हाथों दबोचने के बाद पेड़ से बांध कर पिटाई की थी। गांव से लेकर थाने तक 17 घंटे हंगामा चला था। पुलिस आयुक्त ने दारोगा संदीप कुमार को निलंबित कर दिया था। उसके विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया था। पीड़िता के चिकित्सीय परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। स्वजन की मांग पर मुकदमे की विवेचना बरहन से सैंया थाने स्थानांतरित की गई थी। पुलिस आयुक्त डा. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक सैंया समरेश सिंह ने दारोगा संदीप कुमार के विरुद्ध 19 दिन में आरोप पत्र न्यायालय में पेश कर दिया है।











