आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रदेश की पुलिस को कांवड़ यात्रा के दौरान चौकन्ना रहने के लिए निर्देश दिए थे। आगरा पुलिस ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजामात होने के दावे किए थे। फिर भी रविवार को दो थाना क्षेत्र में कावड़ियों के साथ मारपीट, पथराव और फायरिंग की घटना हो गई। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में कार सवार लोगों ने कांवड़ियों की पिटाई की। ताजगंज में कावड़ियों के ऊपर पथराव किया गया। इसके साथ ही उनके ऊपर तमंचे से फायर भी किए गए। पथराव में तीन युवक घायल हुए हैं। हालांकि पुलिस ने दोनों घटनाओं को गंभीरता से लिया और कार्रवाई की है।
धौलपुर के बाड़ी के रहने वाले राजकुमार, अंशु और अशोक सहित 10 लोग सोरों से कांवड़ लेकर हाथरस के सैपऊ जा रहे थे। राजकुमार और अंशु के अनुसार टेढ़ी बगिया में फाउंड्री नगर पर पीछे से आती कार का रुख उनकी ओर था। यह देख उन्होंने कार सवारों को इशारा किया। कार सवारों ने जानबूझ कर उन्हें टक्कर मार दी। जिसका विरोध करने पर कार सवार बाहर आ गए। कार सवारों ने उनके डंडे छीनकर पिटाई शुरू कर दी। जिसमें राजकुमार और अंशु को चोटें आ गईं। इससे आक्रोशित कांवड़ियों ने हाथरस मार्ग पर जाम लगा हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी होने पर पुलिस पहुंच गई। कार सवारों को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस के अनुसार कार सवार चारों युवक फौजी हैं। वह दिल्ली से आगरा घूमने आए थे। कार सवारों का कहना है कि वह धीमी गति से जा रहे थे। कांवड़ियों ने उनकी कार में डंडा मारकर शीशा तोड़ दिया। घटना के बाद कांवड़िया थाने पहुंचे और कार सवारों के विरुद्ध तहरीर दी। इंस्पेक्टर ट्रांस यमुना भानु प्रताप यादव ने बताया कि फौज के अधिकारियों को हंगामा करने वाले फौजियों की रिपोर्ट भेजी जा रही है। कांवड़िए शांतिपूर्ण तरीके से कांवड़ आगे लेकर चले गए।
दूसरी घटना ताजगंज में दोपहर करीब एक बजे की है। बसई खुर्द के युवक सोरों से कांवड़ लेकर आए थे। कृष्णा ने पुलिस को बताया कि वे करीब आधा दर्जन लोग थे। सड़क पार कर रहे थे। साथियों ने सामने से दोपहिया पर आ रहे ब्लिंकिट के कर्मचारियों को रोका। कहा कि पहले कांवड़ निकलेगी। इस बात पर विवाद हुआ। ब्लिंकिट कंपनी ऑन लाइन आर्डर पर घरेलू सामान की डिलीवरी करती है। इसका गोदाम सागा एंपोरियम के पीछे है। स्कूटी सवार कर्मचारियों ने अपने साथियों को बुला लिया। कंपनी के कर्मचारियों ने आते ही बवाल शुरू कर दिया। पथराव करना शुरू कर दिया। उनकी बस्ती से भी लोग बाहर आ गए। बचाव में उनकी तरफ से भी लोगों ने ईंट-पत्थर फेंके। एक पत्थर उसके सिर पर लगा। सिर फूट गया। कंपनी के कर्मचारियों ने फतेहाबाद मार्ग पर तमंचे से गोलियां चलाईं। फायरिंग और पथराव के चलते वाहन चालक भी दहशत में आ गए। काफी देर के लिए ट्रैफिक रुक गया। दुकानों के शटर गिर गए। राहगीर बुरी तरह सहम गए। जान बचाने के लिए इधर-उधर छिप गए। सूचना पर ताजगंज थाने से पुलिस आ गई। पुलिस ने स्थिति को संभाला। ब्लिंकिट कंपनी के कर्मचारियों ने पहले बस्ती वालों पर हावी होने का प्रयास किया। वीडियो देखकर पुलिस ने माना कि फायरिंग कंपनी के कर्मचारियों की तरफ से हुई है। कुछ आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। एसीपी सैयद अरीब अहमद ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।











