आगरा। एत्माउद्दौला थाना क्षेत्र में एक ट्रक चालक दो बाइक सवारों को डेढ़ किमी तक घसीटता हुआ ले गया। बाइक सवार अपनी जान बचाने के लिए लगातार शोर मचाते रहे। कुछ राहगीर भी उस ट्रक चालक को रोकने के लिए उसके पीछे भागे, लेकिन ट्रक चालक ने अपनी गाड़ी नहीं रोकी। घटना का तेजी से सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है।
रविवार रात प्रकाश नगर के रहने वाले जाकिर अपने साथी के साथ बिजलीघर से अपने घर रामबाग की ओर आ रहे थे। जाकिर ने बताया कि रामबाग चौराहे पर उन्होंने अपनी बाइक को यू-टर्न लिया। तभी वहां खड़ा ट्रक चल पड़ा, उनकी बाइक ट्रक के आगे के हिस्से में फंस गई। चालक तेजी से ट्रक को भगाते हुए वाटर वर्क्स की ओर ले आया। ट्रक की स्पीड इतनी तेज थी कि घिसट रही बाइक से चिंगारी निकलने लगी। लोग चिल्लाते रहे मगर उसने ट्रक नहीं रोका। जाकिर इस समय अस्पताल में भर्ती है। जाकिर ने बताया कि जब उनकी बाइक ट्रक के आगे फंस गई तो वे जोर-जोर से चीख रहे थे। ट्रक चालक ने अपनी गाड़ी नहीं रोकी, उसके पीछे कुछ लोग आ रहे थे। उन्होंने भी ट्रक चालक को आवाज लगाई। इसके बाद ट्रक चालक ने अपनी स्पीड और बढ़ा दी। वे करीब 1.5 किमी तक घिसटते रहे। वाटर वर्क्स चौराहे पर आने के बाद ट्रक चालक को रुकना पड़ा। वहां पहले से कई गाड़ियां खड़ी थीं। इसके बाद चालक को स्थानीय लोगों और राहगीरों ने जमकर धुना।पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी हेमंत कुमार ने बताया कि चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











