आगरा। मंगलवार को क्रिकेटर शिखर धवन ने ताजमहल का दीदार किया। ताजमहल का दीदार करने के बाद वह बोले ताजमहल की खूबसूरती बयां करने लायक नहीं है।
एक घंटे तक उन्होंने ताजमहल की विजिट की। ताजमहल घूमने के बाद विजिटर बुक पर शिखर धवन ने लिखा सुंदर, अभूतपूर्व, इसका रखरखाव बहुत ही अच्छी तरीके से किया जा रहा है। ताजमहल घूमने के दौरान उन्होंने गाइड से पूछा क्या सच में ताजमहल बनाने वाले कारीगरों के हाथ कटवा दिए गए थे। गाइड ने शिखर धवन को बताया कि हाथ कटवाने के कोई प्रमाण नहीं है। शिखर धवन ने यह भी पूछा कि ताजमहल बनने में कितना समय लगा, कितने कारीगरों ने बनाया और कितना रुपया खर्च हुआ। इधर क्रिकेटर शिखर धवन को ताजमहल में आता देखकर उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई।











