आगरा। प्रधानमंत्री 22 मई को वर्चुअल माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 103 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करने जा रहे हैं। इसमें उत्तर मध्य रेलवे आगरा मंडल के भी पांच स्टेशन शामिल हैं।
बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक तेज प्रकाश अग्रवाल ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि सभी स्टेशन अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं, दिव्यांग-अनुकूल व्यवस्था और डिजिटल साज-सज्जा से लैस किए गए हैं, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव मिलेगा। आगरा मंडल के पांच स्टेशन में ईदगाह, फतेहाबाद, मंडावर, गोविंदगढ़ और गोवर्धन रेलवे स्टेशन शामिल हैं।
डीआरएम तेज प्रकाश अग्रवाल ने कहा, अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य सिर्फ इन्फ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड नहीं, बल्कि यात्रियों को अनुभव आधारित सुविधा प्रदान करना है। आगरा मंडल के ये स्टेशन अब आत्मनिर्भर भारत की पहचान बनेंगे। पत्रकार वार्ता में वाणिज्यिक प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव भी शामिल रहीं।











