आगरा। अंबेडकर पुल से सेल्फी लेने के चक्कर में तीन युवक देर रात नीचे सड़क पर गिर गए, जिस पुल से वह नीचे गिरे उस पर पहले से ही मरम्मत का कार्य चल रहा है। तीन में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है देर रात तीनों युवक जब पुल के ऊपर पहुंचे, तो यमुना किनारे स्थापित लड्डू गोपाल की प्रतिमा को देखकर रुक गए। वह पुल पर खड़े होकर उसी ओर सेल्फी लेने लगे, जिस दिशा की रेलिंग पहले से टूटी हुई थी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से तीनों नीचे गिर गए। करीब 20 फुट की ऊंचाई से गिरने के कारण तीनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें संभाला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।











