आगरा। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने आज यहां कहा कि प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि के साथ निर्यात दोगुना हुआ है। विकास कार्यों की गति भी तेज हुई है और निवेश के नए रास्ते खुले हैं।
सोमवार को वित्त मंत्री कोषागार के नवनिर्मित पेंशनर कक्ष, रिकॉर्ड रूम, सीसी रोड, सोलर पैनल रेन वाटर हार्वेस्टिंग का लोकार्पण करने आए थे। वित्त मंत्री ने बताया कि कोषागार में आने वाले पेंशनर्स की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए 1.26 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्माण कराया गया है। इससे वरिष्ठ नागरिकों को बैठने, दस्तावेज़ी कार्य और परामर्श आदि में सहूलियत मिलेगी। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रेसवार्ता में कहा कि जब भाजपा ने प्रदेश में सरकार बनाई थी, तब एक लाख करोड़ का निर्यात था। आज यह आंकड़ा दो लाख करोड़ को पार कर गया है। यह प्रदेश की आर्थिक सुदृढ़ता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की दृढ़ इच्छा शक्ति और नीति आयोग द्वारा सराही गई कार्यप्रणाली से प्रदेश में निवेश और व्यापार के नए अवसर पैदा हुए हैं। वित्त मंत्री ने बताया कि सरकार के ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) और एमएसएमई योजनाओं के कारण यूपी में स्थानीय उद्योग फले-फूले हैं। इससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिला है और गांव-शहर का विकास संतुलित रूप से हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे क्रियाशील हो चुके हैं, जिनमें से चार पूर्णतः सक्रिय हैं और एक शीघ्र ही चालू होगा। वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सीधी निगरानी में कानून व्यवस्था और विकास योजनाएं चल रही हैं। 25 करोड़ जनता की खुशहाली के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पुलिस सुधार, सड़क, बिजली, जल योजनाओं से लेकर कृषि और उद्योग तक, हर क्षेत्र में सरकार जनहित को सर्वोपरि मानती है।











