आगरा। जगदीशपुरा क्षेत्र में देर रात वाहन चोरों से पुलिस मुठभेड़ हो गई। दो चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक के पैर में पुलिस की गोली लगी है।
एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि अल्कापुरी, बोदला, आवास विकास और डिवीजन चौकी प्रभारियों के साथ पुलिस बल क्षेत्र में चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी के दोपहिया वाहन को लेकर बेचने की फिराक में बिचपुरी पथौली रोड की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और बिचपुरी चौकी की फोर्स के साथ चेकिंग अभियान शुरू किया गया। कुछ देर बाद एक स्कूटी पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने रुकने की जगह भागने की कोशिश की। इसी बीच एक युवक ने अपने साथी के कहने पर पुलिस पर अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी। जानलेवा हमले के जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान साहिल पुत्र अफजाल और शशांक उर्फ वीशू पुत्र उमेश निवासी जगदीशपुरा के रूप में हुई है। फायरिंग के दौरान साहिल के पैर में गोली लग गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।











