आगरा। एमएम गेट थाना पुलिस की देर रात चांदी चोरों से मुठभेड़ हो गई। एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी कोतवाली शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि आरोपितों ने पुलिस टीम पर अवैध असलहा से फायर किया था, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपितों का एक साथी अमित मौके से फरार हो गया, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। मुठभेड़ में एक आरोपित शरद उर्फ लल्लू पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की गई चांदी, एक तमंचा बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों के नाम सौरव, पंकज, हिमांशु और शरद उर्फ लल्लू हैं।











