आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र में रोजर शू इंडस्ट्री से चोरी हुए कैश, सोना, चांदी, हीरे चोरों से बरामद करके पुलिस ने चोरी का खुलासा कर दिया है। इसकी अनुमानित कीमत सात करोड़ 70 लाख रुपये है। फैक्ट्री के ही सुपरवाइजर ने अपने भाई और दोस्त के साथ चोरी की थी। वह अपनी गर्लफ्रेंड का सपना पूरा करने के लिए उसके साथ बेंगलुरु में रहना चाहता था। इसलिए उसने यह चोरी की। खुलासा करने वाली टीम को पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बधाई दी है। 25 हजार का इनाम भी दिया है।
शू इंडस्ट्री के मालिक दीपक बुद्धिराजा ने मुकदमा दर्ज कराया था घर में मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसलिए उन्होंने आभूषण और कैश फैक्ट्री में रखा था। रविवार की रात फैक्ट्री की पहली मंजिल पर चोरी हुई। दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने तिजोरी से लाखों का कैश और करोड़ों के जेवरात चुरा लिए। फैक्ट्री के सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध कैद हुआ। पुलिस ने शक के आधार पर फैक्ट्री के सुपरवाइजर अनुपम, उसके भाई अनुराग और दोस्त संजय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सख्त पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर जमीन में दबाकर रखा गया माल बरामद कर लिया गया। बरामदगी में 66 लाख कैश के अलावा करीब सात करोड़ के सोना, चांदी,, हीरे, शामिल हैं। पूछताछ में अनुपम ने बताया कि उसने मलिक को फैक्ट्री के अंदर पैसे और जेवरात रखते हुए देख लिया था। रविवार को फैक्ट्री की छुट्टी रहती है। उसने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर चोरी की साजिश कर चोरी की। उसकी गर्लफ्रेंड बेंगलुरु में शिफ्ट होना चाहती थी। इसलिए वह उसका सपना पूरा करना चाहता था। वह दोनों मिलकर बेंगलुरु में ऐश की जिंदगी जीना चाहते थे। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि डीसीपी सिटी अली अब्बास, एडिशनल डीसीपी सिटी आदित्य कुमार, एएसपी हरीपर्वत अक्षय महादिक ने खुलासा करने वाली टीमों का मार्गदर्शन किया। इस खुलासे में इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार त्रिपाठी की अहम भूमिका रही। खुलासा करने वाली टीम में सर्विलांस प्रभारी सौरभ सिंह, अभिषेक तिवारी, एसओजी प्रभारी सोहन पाल सिंह, एसआई आशीष त्यागी, नीलेश शर्मा, दीपक तिवारी, अभिषेक डांगर, सोनू गुर्जर, आकाश सिंह, सुधांशु बाजपेई, हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार, महिपाल सिंह, शरद यादव, रुस्तम सागर, प्रिंस कौशिक आदि शामिल रहे।











