आगरा। फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर भारी विरोध हो रहा है। आगरा में भी विरोध शुरू हो गया है।
शनिवार को आवास विकास कालोनी स्थित परशुराम चौक पर ब्राह्मण समाज के लोगों ने एकजुट होकर फिल्म के नाम और कथानक के खिलाफ तीखा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग अर्धनग्न होकर, चोटी खोलकर और शंख बजाते हुए नजर आए। उन्होंने फिल्ममेकर नीरज पांडे के खिलाफ नारेबाजी कर अपना रोष जाहिर किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि फिल्म के जरिए पंडित समाज और सनातन धर्म की छवि को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि धार्मिक पहचान से जुड़े एक पात्र को भ्रष्टाचार जैसे आरोपों से जोड़कर पूरे समुदाय को बदनाम करने का प्रयास किया गया है, जो किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। ब्राह्मण समाज के मदन मोहन शर्मा ने कहा कि यह प्रदर्शन सरकार और प्रशासन को चेताने के लिए किया गया है। यह अभी छोटा सा, अर्धनग्न विरोध है। अगर फिल्म इसी नाम से या नाम बदलकर भी रिलीज की गई, तो समाज सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगा और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।ब्राह्मण समाज ने यह भी स्पष्ट किया कि जरूरत पड़ने पर वे इस मामले को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे।











