आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र में सोल फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
श्रीजीपुरम इंडस्ट्रियल एरिया में वाधवा रबर सोल नाम से फैक्ट्री है। इसमें अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में रबर और ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका बनी रही। यही वजह है कि दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। दमकल विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं और स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास जारी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।











