आगरा। छात्रा से छेड़छाड़ के मुकदमे में आरोपित व निलंबित फायरमैन वर्दी पहन कॉकरोच के रूप में दीवानी पहुंच गया, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। गेट पर सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक दिया। कॉकरोच का रूप हटाने पर उसे दीवानी में अंदर जाने दिया गया। उसके कॉकरोच बनने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
महाराजगंज में तैनात फायरमैन जितेंद्र राठौर के खिलाफ डीईआई की छात्रा से छेड़छाड़ का मुकदमा न्यू आगरा थाने में वर्ष 2024 में दर्ज कराया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद उसे पद से निलंबित कर दिया गया। वर्तमान में मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। सोमवार को मुकदमे की तारीख थी। जितेंद्र राठौर सुबह करीब 10 बजे फायरमैन की वर्दी में मुंह पर काली पालिथीन लगाने के बाद कॉकरोच बनकर दीवानी पहुंच गया। घुटने के बल चलते हुए वह दीवानी परिसर में प्रवेश कर रहा था, तभी गेट नंबर चार पर मौजूद एसएसएफ के जवानों ने उसे रोक दिया। इस पर युवक वहीं धरने पर बैठ गया। उसका कहना है कि आइजीआरएस पर पुलिस ने उसे अपराधी नहीं मानने की रिपोर्ट दी है। इसके बाद भी दो साल से वह भटक रहा है। युवती के परिवार के व्यक्ति के खिलाफ आवाज उठाने पर उसके खिलाफ साजिश रची गई। उसने बताया कि वह कॉकरोच नाम से कोचिंग सेंटर का संचालन कर रहा है और कॉकरोच पार्टी का समर्थक है।










