आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज और कल दो दिन आगरा में रहेंगे। आज दोपहर वह आगरा में पहुंच गए। सबसे पहले उन्होंने सांसद रामजीलाल सुमन के संजय प्लेस स्थित आवास पर पहुंचकर उनके दिवंगत नाती दिव्यांशु सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शोक संवेदना प्रकट की। इसके बाद उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं के घर जाकर कैडर में जोश भरा और भावुक जुड़ाव का दांव चला।
कार्यकर्ताओं ने अखिलेश के स्वागत में फतेहाबाद रोड से लेकर एमजी रोड तक को पोस्टरों से पाट दिया है। कल वह विजन इंडिया कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसमें वह उद्यमियों और युवाओं से आगरा के मुद्दों पर बात करेंगे। आज आगरा में वह राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर जाने के बाद डॉ. आलोक पारीख के आवास पर भी पहुंचे। यहां पर उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव भी आते थे। अखिलेश यादव मीडिया से दूरी बनाते हुए भी दिखे। उन्होंने सिर्फ इतना कहा मेरी और आपकी मुलाकात कल होगी। आज सांसद रामजीलाल सुमन के यहां दुख की घड़ी में परिवार से मिलने आया हूं। उनके होनहार और युवा धेवते की मौत ने जगझोर दिया है।









