आगरा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने सोमवार को कमिश्नरी सभागार में पर्यटन, संस्कृति और धर्मार्थ विभाग की कार्य योजनाओं की समीक्षा बैठक में कड़े निर्देश दिए कि काम फाइलों में नहीं जमीनी स्तर पर दिखना चाहिए।
बैठक में आगरा मंडल की 58 पर्यटन परियोजनाओं की समीक्षा की गई, जिनकी अनुमानित लागत करीब 273 करोड़ रुपये है। इसके अलावा धर्मार्थ कार्य विभाग और तीर्थ विकास परिषद की लगभग 245 करोड़ रुपये लागत वाली तीन बड़ी परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इनमें 15 धार्मिक स्थलों का संरक्षण एवं विकास, श्री बांके बिहारी जी महाराज कॉरिडोर और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर जनसुविधाओं का विस्तार शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि बांके बिहारी कॉरिडोर का मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। बैठक में मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर परियोजना के लिए भूमि अभिलेख अनिवार्य होंगे। स्थल के नवीनतम फोटोग्राफ प्रस्तुत करने होंगे। लागत का व्यावहारिक आकलन किया जाएगा। ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के प्रमाण देने होंगे। स्थानीय लोगों और पर्यटकों को होने वाले लाभ का विवरण देना होगा। संबंधित विभाग, जिला प्रशासन और कार्यदायी संस्था की जवाबदेही पहले से तय होगी। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। सभी लंबित परियोजनाओं को हर हाल में नवंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रमों में सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया। मंत्री ने कहा कि परियोजनाओं का चयन केवल फाइलों के आधार पर नहीं बल्कि वास्तविक आवश्यकता और जनहित को ध्यान में रखकर किया जाएगा।दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के सवाल पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2014 में सत्ता में आने और प्रदेश में वर्ष 2017 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद देश और प्रदेश में आर्थिक विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट और कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। विश्व स्तर पर भारत के बढ़ते हुए कद और प्रभाव की बात करें तो हर क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि देश ने की है। कतिपय कुछ ऐसे लोग हैं, जिन्हें यह हजम नहीं हो रहा है। वह लगातार अड़ंगेबाजी, रुकावट डालने और नकारात्मकता फैलाने का काम कर रहे हैं। हम प्रगति पथ पर देश को आगे ले जाने और विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। देश की जनता का आशीर्वाद भाजपा सरकार की नीतियों, रीतियों और कार्यक्रमों को मिल रहा है। इससे लगता है कि जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकसित करना चाहती है। जौहर विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने का नोटिस चस्पा करने के सवाल पर पर्यटन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीयत साफ है। अवैध कुछ नहीं और वैध सब कुछ। अवैध काम, गुंडागर्दी की स्वीकार्यता उप्र में नहीं है।










