आगरा। निबोहरा क्षेत्र के एक गांव में आज सुबह बच्चों के साथ दौड़ लगाने निकले 15 वर्षीय किशोर की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। गांव से बाहर निकलते ही उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए और उसे शमसाबाद में एक अस्पताल में लेकर गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
पलटुआपुरा का रहने वाला गिरीश मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर से बच्चों के साथ दौड़ लगाने के लिए निकला था। गांव से बाहर निकलते ही उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। उसकी हालत बिगड़ती देखकर साथ मौजूद बच्चों ने स्वजन को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और किशोर को लेकर शमसाबाद के अस्पताल गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर गांव के ही सरकारी विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था। अचानक हुई मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।











