आगरा। सरकारी विभागों में काम करने के एवज में अगर कोई भी किसी से रिश्वत मांगता है तो उसे रंगे हाथों पकड़वाने के लिए सतर्कता विभाग की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत कर पकड़वा सकते हैं। आगरा में भी विजिलेंस सेक्टर के एसपी का नंबर जारी किया गया है। इन नंबरों पर शिकायत के बाद रिश्वत लेने वालों पर कार्रवाई होगी। इसलिए विजिलेंस विभाग भी लोगों से अपील कर रहा है। रिश्वत मांगने वालों की शिकायत अवश्य करें।
सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार किसी से छिपा नहीं है। नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, पीडब्लूडी, विश्वविद्यालय, राजस्व विभाग आदि में आए दिन भ्रष्टाचार के मामले उजागर भी होते हैं, लेकिन विभागीय अधिकारियों के द्वारा लीपापोती कर दी जाती है। पुलिस विभाग तो सबसे ज्यादा सुर्खियों में है। पुलिसकर्मियों के रिश्वत मांगने के और लेने के कई बार पीड़ितों के द्वारा अधिकारियों को सबूत दिए गए लेकिन लीपापोती कर दी गई। कई पुलिसकर्मियों के ऑडियो और वीडियो भी वायरल हुई लेकिन कार्रवाई निलंबन, लाइन हाजिर तक ही सीमित रही मुकदमे तक नहीं। कुछ दिनों बाद पुलिसकर्मियों को अच्छी चौकियां और दे दी गईं। लेकिन विजिलेंस में शिकायत करने पर पीड़ित के द्वारा रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए सामने वाले को पकड़वाया जा सकता है। रिश्वत लेने वाले के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज होगा ही उसे जेल भी जाना पड़ेगा। आगरा में किसी भी विभाग में अगर किसी व्यक्ति से रिश्वत मांगी जाती है तो वह पुलिस अधीक्षक, सतर्कता, आगरा से जारी 9454401864,
9454404853 नंबरों पर शिकायत कर सकता है और रिश्वतखोरों को पकड़वा सकता है। शासन की भी यही मंशा है विभागों से भ्रष्टाचार को खत्म किया जाए और उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाए।










