आगरा। मेट्रो के ताजमहल स्टेशन पर आतंकी हमले की स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें दो संदिग्धों ने हथियार छिपाकर एएफसी एग्जिट गेट से स्टेशन में घुसने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से वे नाकाम रहे। एसएसएफ और क्यूआरटी ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर दोनों को गिरफ्तार किया।
मॉक ड्रिल के परिदृश्य के अनुसार, दो संदिग्ध हथियार छिपाकर ताजमहल मेट्रो स्टेशन के एएफसी (ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन) एग्जिट गेट से अंदर प्रवेश करने का प्रयास करते हैं। हालांकि, स्टेशन पर तैनात सुरक्षा गार्ड की सतर्कता के चलते दोनों संदिग्ध अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाते। गार्ड की नजर पड़ते ही सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय हो जाती है और संदिग्धों को स्टेशन के भीतर जाने से रोक दिया जाता है। इसके बाद दोनों संदिग्ध स्टेशन परिसर में अलग-अलग स्थानों पर छिपने की कोशिश करते हैं। वे लिफ्ट के पास स्थित मशीन रूम और इमरजेंसी गेट के आसपास छिपने का प्रयास करते हैं। इसकी सूचना मिलते ही एसएसएफ और क्यूआरटी की टीमें सक्रिय हो जाती हैं। जवानों ने स्टेशन की घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की और उन्हें पकड़ने के लिए संयुक्त ऑपरेशन चलाया। सुरक्षा टीमों ने रणनीति के तहत स्टेशन के संवेदनशील स्थानों की जांच की और संदिग्धों की घेराबंदी की। काफी मशक्कत के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो पिस्टल, 35 कारतूस, एक टैक्टिकल टॉर्च और स्टेशन का नक्शा बरामद किया गया। मॉक ड्रिल के तहत दोनों संदिग्धों को पकड़ने के बाद अग्रिम कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य मेट्रो स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को परखना और किसी भी आतंकी हमले या आपातकालीन परिस्थिति में सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता का आकलन करना था। अभ्यास के दौरान यह जांचा गया कि संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर सुरक्षा गार्ड, एसएसएफ और क्यूआरटी कितनी तेजी से कार्रवाई करते हैं और आपसी समन्वय के साथ स्थिति को कैसे नियंत्रित करते हैं। इसमें करीब 85 सुरक्षा अधिकारियों और जवानों ने हिस्सा लिया। मॉक ड्रिल के जरिए स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार, मशीन रूम, लिफ्ट के आसपास के संवेदनशील स्थानों तथा इमरजेंसी गेट की सुरक्षा व्यवस्था को भी परखा गया। अभ्यास के दौरान सुरक्षा बलों की सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया, संदिग्धों की घेराबंदी और संयुक्त कार्रवाई की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया गया। इस तरह की मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी वास्तविक आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ मेट्रो परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।










