आगरा। गुजरात में इनकम टैक्स अधिकारी बनकर बस से पांच किलो सोना लूटने के सनसनीखेज मामले में पांच साल से फरार चल रहे आरोपी को गुजरात पुलिस और आगरा एसटीएफ की संयुक्त टीम ने पकड़ लिया। वह वर्ष 2021 में गुजरात के अहमदाबाद ग्रामीण जिले में हुई इस बड़ी लूट के मामले में वांछित था।
आरोपी किरावली क्षेत्र स्थित गांव सहारा निवासी सुंदर सिंह था। उसने 2021 में अपने साथियों के साथ मिलकर सरकारी अधिकारी होने का ऐसा स्वांग रचा था कि बस में सवार लोगों को उन पर शक तक नहीं हुआ। गिरोह ने नीली बत्ती लगी कार, बदली हुई नंबर प्लेट और आयकर विभाग के फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर बस को रुकवाया था। इसके बाद यात्रियों को बंधक बनाकर बस में रखा पांच किलो सोना लूट लिया और मौके से फरार हो गए थे। इंस्पेक्टर एसटीएफ हुकुम सिंह ने बताया गुजरात के अहमदाबाद ग्रामीण जिले के बगोदरा थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में सुंदर सिंह सोलंकी लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए गुजरात पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। आरोपी की तलाश में गुजरात पुलिस ने उत्तर प्रदेश एसटीएफ से सहयोग मांगा था। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक राकेश के नेतृत्व में आगरा एसटीएफ की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। शुक्रवार को टीम को सूचना मिली कि सुंदर सिंह सदर बाजार क्षेत्र के सेवला जाट स्थित सरस्वती बिहार में इंडसइंड बैंक के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही आगरा एसटीएफ और गुजरात पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का मौका नहीं पा सका और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।











