आगरा। भाजपा से निलंबित नूपुर शर्मा के समर्थन में आगरा में मंदिर में पोस्टर लगाए गए। इसके साथ ही नारेबाजी की गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस अलर्ट हुई। हरी पर्वत थाना पुलिस ने मंदिर के पुजारी सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वजीरपुरा में होली चौराहा पर सीताराम मंदिर है। मंदिर के महंत पंडित अनंत उपाध्याय के नेतृत्व में शनिवार को आरती का आयोजन किया गया था। बताया जा रहा है कि यह आरती नूपुर शर्मा के समर्थन में की गई थी। इस दौरान कई लोग मौजूद थे। आरती के बाद जमकर नारेबाजी भी की गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने महंत सहित कई लोगों खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दूसरी ओर सदर के नैनाना जाट में कई लोगों ने अपनी छत पर पत्थर रख लिए हैं। यह सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने ड्रोन कैमरे से तलाशी कराई जांच में यह भी सामने आया कि कुछ लोग माहौल बिगाड़ने की साजिश रच रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोगों को उकसाकर एकत्रित होने के लिए मैसेज भेज रहे हैं।नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उनकी जुलूस निकालने की भी तैयारी थी। पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।











