आगरा। शनिवार को आगरा में आए एडीजी ट्रैफिक ने ताजनगरी में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 100 मीटर की परिधि में कोई अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। चौराहे पर अवैध पार्किंग नहीं होनी चाहिए। पुलिस ने जिस तरह की व्यवस्था जी-20 में मेहमानों के लिए की थी उसी तरह की व्यवस्था आम जनता के लिए रहनी चाहिए।
एडीजी ट्रैफिक डॉ. बीडी पॉल्सन ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की। यातायात पुलिस ने उनके समक्ष प्रस्तुतीकरण दिया। अपनी समस्या बताईं। एडीजी ट्रैफिक ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना है। यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरुक करना है। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए ओवर स्पीड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नशे में ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाए। ब्रेथ एनालाइजर से चेकिंग कराई जाए। एक चौराहा एक टीएसआई को दिया जाए। एडीजी ट्रैफिक ने पुलिस को बताया कि ओवर स्पीड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जल्द ही दो स्पीडो मीटर आगरा कमिश्नरेट पुलिस को दिए जाएंगे। एडीजी ट्रैफिक ने हरीपर्वत और सेंट जोन्स चौराहे का भी निरीक्षण किया ल। पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक अरुण चंद को निर्देश दिए हैं कि सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन होना चाहिए।











